Search Post on this Blog

हम अपने भोजन को दूषित होने से कैसे बचाएँ | पाठ 3 : भोजन का रहस्य, कक्षा 5 EVS – हमारा अद्भुत संसार

प्रश्न:

हम अपने भोजन को दूषित होने से कैसे बचाएँ?

(पाठ 3 : भोजन का रहस्य, कक्षा 5 EVS – हमारा अद्भुत संसार)

उत्तर:

भोजन के दूषित होने का मुख्य कारण सूक्ष्मजीवों (Microorganisms) की वृद्धि है, यदि हम सूक्ष्मजीवों की वृद्धि भोजन में रोक दे तो भोजन को दूषित होने से हम बचा सकते है। 

हम अपने भोजन को दूषित होने से कैसे बचाएँ?


सूक्ष्मजीव जल, मृदा, तथा हमारे आसपास की वायु में हर जगह पाए जाते हैं। सूक्ष्मजीवों को बढ़ने के लिए नमी, वायु और उपयुक्त तापमान की आवश्यकता होती है। यदि इनमें से किसी एक की कमी हो जाए, तो सूक्ष्मजीवों की वृद्धि रुक जाती है और भोजन लंबे समय तक सुरक्षित रहता है।


भोजन को दूषित होने से बचाने के कुछ प्रमुख उपाय निम्नलिखित हैं—


1. सुखाना और निर्जलीकरण

भोजन को धूप में सुखाने से उसमें उपस्थित नमी कम हो जाती है। जल की कमी होने पर सूक्ष्मजीव अच्छी तरह नहीं बढ़ पाते।

उदाहरण के लिए मिर्च, मटर, चना, मक्का, पापड़ तथा गेहू को धूप में सुखाकर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जाता है।


2. तेल का उपयोग करके अचार बनाना

तेल भोजन के ऊपर एक सुरक्षा परत बना देता है, जिससे वायु और नमी भोजन तक नहीं पहुँच पाती। अचार को नमक, तेल, सिरका तथा मसालों की सहायता से सुरक्षित रखा जाता है। इससे सूक्ष्मजीवों की वृद्धि धीमी हो जाती है।


3. प्रशीतन और हिमीकरण

कम तापमान पर सूक्ष्मजीवों की वृद्धि धीमी हो जाती है। इसलिए रेफ्रिजरेटर और फ्रीज़र भोजन को लंबे समय तक ताज़ा बनाए रखते हैं।

दूध, फल, सब्जियाँ तथा पका हुआ भोजन सामान्यतः रेफ्रिजरेटर में रखा जाता है।


4. मसालों का उपयोग

कुछ मसालों में प्राकृतिक रोगाणुरोधी गुण होते हैं, जो भोजन को खराब होने से बचाते हैं।

उदाहरण के लिए काली मिर्च, हल्दी, लौंग तथा सरसों भोजन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उसका स्वाद भी बढ़ाते हैं। काली मिर्च का प्राचीन काल में इतना महत्व था , खासकर यूरोप में कि वास्को डिगामा जैसे व्यापारी भारत से मसाले प्राप्त करने के लिए समुद्री यात्रा करके आए थे।


5. भोजन का उचित भंडारण

भोजन को स्वच्छ, सूखे तथा ढके हुए पात्रों में रखना चाहिए। इससे भोजन धूल, कीटों, नमी तथा रोगाणुओं से सुरक्षित रहता है।


6. उबालना और गर्म करना

भोजन को गर्म करने या उबालने से अनेक हानिकारक सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। इसलिए दूध को पीने से पहले उबाला जाता है।


इस प्रकार उचित संरक्षण विधियों का उपयोग करके हम भोजन को खराब होने से बचा सकते हैं, भोजन की बर्बादी कम कर सकते हैं तथा उसे खाने योग्य बनाए रख सकते हैं।



You may also like:

Previous
Next Post »