Search Post on this Blog

महाद्वीपीय और महासागरीय बेसिनों के निर्माण के सिद्धांत | MCQ and Practice Set | UPSC, UPPSC, BPSC, MPPSC, RO/ARO, PCS, CUET, UGC-NET, SSC, GDC, and Teaching Exams.

 1. पृथ्वी की सतह पर निम्नलिखित में से किसे प्रथम श्रेणी के स्थलरूप (First Order Relief Features) माना जाता है?

(a) पर्वत और मैदान

(b) पठार और घाटियाँ

(c) महाद्वीप और महासागरीय बेसिन

(d) मध्य-महासागरीय पर्वतमालाएँ और महासागरीय गर्त


उत्तर: (c) महाद्वीप और महासागरीय बेसिन

भू-आकृति विज्ञान (Geomorphology) में महाद्वीपों और महासागरीय बेसिनों को प्रथम श्रेणी के स्थलरूप माना जाता है। पर्वत, पठार और मैदान द्वितीय श्रेणी के स्थलरूपों में आते हैं।


2. महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत (Continental Drift Theory) किसने प्रतिपादित किया?

(a) आर्थर होम्स

(b) अल्फ्रेड वेगेनर

(c) हैरी हैस

(d) जे. टुजो विल्सन


उत्तर: (b) अल्फ्रेड वेगेनर

अल्फ्रेड वेगेनर ने वर्ष 1912 में महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत प्रस्तुत किया तथा 1915 में अपनी पुस्तक The Origin of Continents and Oceans में इसका विस्तार किया।

इस सिद्धांत के अनुसार प्रारम्भ में एक महाविशाल महाद्वीप पैंजिया (Pangaea) था, जिसका अर्थ है “समस्त पृथ्वी”। इसके चारों ओर पैंथालासा (Panthalassa) नामक विशाल महासागर था।

बाद में पैंजिया दो भागों में विभाजित हो गया—

लॉरेशिया (Laurasia) – उत्तरी भाग

गोंडवानालैंड (Gondwanaland) – दक्षिणी भाग

इन दोनों के बीच टेथिस सागर (Tethys Sea) स्थित था। समय के साथ ये भू-भाग खिसककर वर्तमान महाद्वीपों और महासागरों का रूप ले गए।


3. संवहन धारा सिद्धांत (Convection Current Theory) किस वैज्ञानिक ने प्रस्तुत किया?

(a) हैरी हैस

(b) अल्फ्रेड वेगेनर

(c) आर्थर होम्स

(d) डाना


उत्तर: (c) आर्थर होम्स

आर्थर होम्स ने 1929 में सुझाव दिया कि मैंटल में उत्पन्न संवहन धाराएँ (Convection Currents) महाद्वीपों की गति के लिए उत्तरदायी हैं।

उन्होंने बताया कि पृथ्वी के भीतर रेडियोधर्मी तत्वों के विघटन से उत्पन्न ऊष्मा के कारण कम घनत्व वाली शैलें ऊपर उठती हैं, ठंडी होकर क्षैतिज दिशा में प्रवाहित होती हैं और पुनः नीचे चली जाती हैं। यह प्रक्रिया एक कन्वेयर बेल्ट की भाँति कार्य करती है।


4. समुद्र-तल प्रसारण सिद्धांत (Sea Floor Spreading Theory) किसने प्रतिपादित किया?

(a) अल्फ्रेड वेगेनर

(b) आर्थर होम्स

(c) हैरी हैस

(d) ले पिशॉन


उत्तर: (c) हैरी हैस

हैरी हैस ने 1960–62 के बीच समुद्र-तल प्रसारण सिद्धांत प्रस्तुत किया।

इसके अनुसार मध्य-महासागरीय पर्वतमालाओं (Mid-Oceanic Ridges) पर नया महासागरीय भू-पटल बनता है और दोनों ओर फैलता रहता है।


5. समुद्र-तल प्रसारण सिद्धांत के समर्थन में सबसे सशक्त प्रमाण कौन-सा है?

(a) मेसोसॉरस के जीवाश्म

(b) महाद्वीपों का जिगसॉ-सदृश मेल

(c) महासागर तल पर चुम्बकीय पट्टियाँ

(d) टिलाइट निक्षेप


उत्तर: (c) महासागर तल पर चुम्बकीय पट्टियाँ

मध्य-महासागरीय पर्वतमालाओं के दोनों ओर पाई जाने वाली सममित चुम्बकीय पट्टियाँ (Magnetic Striping) समुद्र-तल प्रसारण का सबसे महत्वपूर्ण प्रमाण हैं।


6. महाद्वीपों एवं महासागरीय बेसिनों की उत्पत्ति और संचलन की सर्वाधिक मान्य सिद्धांत कौन-सा है?

(a) महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत

(b) भू-अभिनति सिद्धांत (Geosynclinal Theory)

(c) प्लेट विवर्तनिकी सिद्धांत

(d) संकुचन सिद्धांत


उत्तर: (c) प्लेट विवर्तनिकी सिद्धांत

प्लेट विवर्तनिकी सिद्धांत (Plate Tectonic Theory) वर्तमान में सर्वाधिक स्वीकृत सिद्धांत है। यह महाद्वीपीय विस्थापन, समुद्र-तल प्रसारण, भूकंप, ज्वालामुखी तथा पर्वत निर्माण जैसी प्रक्रियाओं की समग्र व्याख्या करता है।


7. निम्नलिखित में से कौन-सा अपसारी प्लेट सीमा (Divergent Plate Boundary) का उदाहरण है?

(a) हिमालय

(b) एंडीज पर्वतमाला

(c) मध्य-अटलांटिक पर्वतमाला

(d) सैन एंड्रियास भ्रंश


उत्तर: (c) मध्य-अटलांटिक पर्वतमाला

अपसारी प्लेट सीमाओं पर प्लेटें एक-दूसरे से दूर जाती हैं तथा नया महासागरीय भू-पटल निर्मित होता है। मध्य-अटलांटिक पर्वतमाला (Mid-Atlantic Ridge) इसका सर्वोत्तम उदाहरण है।


8. विल्सन चक्र (Wilson Cycle) किसकी व्याख्या करता है?

(a) तारों का विकास

(b) महासागरीय बेसिनों का विकास

(c) चन्द्रमा की उत्पत्ति

(d) वायुमंडलीय परिसंचरण


उत्तर: (b) महासागरीय बेसिनों का विकास

जे. टुजो विल्सन ने विल्सन चक्र के माध्यम से महासागरीय बेसिनों के खुलने और बंद होने की प्रक्रिया की व्याख्या की।


9. ‘समुद्र-तल प्रसारण सिद्धांत’ के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. मध्य-महासागरीय पर्वतमालाओं के निकट स्थित शैलें अपेक्षाकृत नवीन होती हैं तथा उनमें सामान्य चुम्बकीय ध्रुवीयता पाई जाती है।

2. महासागरीय भू-पटल महाद्वीपीय भू-पटल की तुलना में अधिक प्राचीन होता है।

सही उत्तर चुनिए:

(a) केवल 1

(b) केवल 2

(c) 1 और 2 दोनों

(d) न तो 1, न ही 2


उत्तर: (a) केवल 1

कथन 1 सही है क्योंकि मध्य-महासागरीय पर्वतमालाओं पर निरंतर नया भू-पटल बनता रहता है।

कथन 2 गलत है क्योंकि महासागरीय भू-पटल महाद्वीपीय भू-पटल की तुलना में बहुत कम आयु का होता है। महासागरीय भू-पटल सामान्यतः 20 करोड़ वर्ष से अधिक पुराना नहीं होता, जबकि महाद्वीपीय शैलें अरबों वर्ष पुरानी हो सकती हैं।


10. प्लेट विवर्तनिकी के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

1. प्लेटें दुर्बलतामंडल (Asthenosphere) के ऊपर संचरित होती हैं।

2. नया भू-पटल अपसारी प्लेट सीमाओं पर निर्मित होता है।


सही उत्तर चुनिए:

(a) केवल 1

(b) केवल 2

(c) 1 और 2 दोनों

(d) न तो 1, न ही 2


उत्तर: (c) 1 और 2 दोनों

दोनों कथन सही हैं।

स्थलमंडलीय प्लेटें (Lithospheric Plates) दुर्बलतामंडल (Asthenosphere) के ऊपर संचरित होती हैं।

अपसारी प्लेट सीमाओं पर मैग्मा ऊपर उठकर नया महासागरीय भू-पटल बनाता है।



You may also like:

Newest
Previous
Next Post »