प्रश्न:
समुदाय क्या है और इसकी क्या भूमिका है?
( अध्याय 9: परिवार और समुदाय, कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान )
उत्तर:
समुदाय का अर्थ:
जब कई परिवार और व्यक्ति आपसी सहयोग, साझेदारी और जिम्मेदारी के भाव से एक-दूसरे से जुड़ते हैं, तो उसे समुदाय कहा जाता है।
यह केवल परिवारों का समूह नहीं होता, बल्कि एक ऐसी इकाई है जहाँ लोग मिलकर त्योहार मनाते हैं, सामाजिक कार्य करते हैं और प्राकृतिक संसाधनों का साझा उपयोग करते हैं।
यह गाँवों, कस्बों और शहरों — हर जगह अलग-अलग रूप में दिखाई देता है।
समुदाय की भूमिका:
समुदाय की भूमिका निम्न प्रकार है -
(क) सहयोग और साझेदारी:
समुदाय में लोग एक-दूसरे की मदद करते हैं।
जैसे गाँवों में बुवाई-कटाई, तालाब बनाना, वर्षा जल संचय या पेड़ लगाना सामूहिक रूप से किया जाता है।
भील समुदाय की "हलमा परंपरा" (मध्यप्रदेश) में लोग मिलकर पेड़ लगाते हैं और जल संरचनाएँ बनाते हैं।
(ख) संसाधनों का साझा उपयोग:
समुदाय यह सुनिश्चित करता है कि पानी, खेत, जंगल या सार्वजनिक स्थान सबको समान रूप से मिलें।
बिना लिखित नियमों के भी लोग आपसी समझ से संसाधनों का उपयोग करते हैं।
(ग) संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण:
समुदाय त्योहारों, मेलों और विवाह जैसे अवसरों को सामूहिक रूप से मनाता है।
इससे परंपराएँ जीवित रहती हैं और सामाजिक एकता बनी रहती है।
(घ) आपदा और कठिनाइयों में सहारा:
समुदाय विपत्ति में भी मदद करता है।
जैसे 2015 में चेन्नई की बाढ़ में कई संगठनों ने बिना किसी लाभ के ज़रूरतमंदों को भोजन पहुँचाया।
(ङ) सामाजिक जिम्मेदारी:
समुदाय केवल परिवारों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज की भलाई के लिए भी काम करता है।
शहरी क्षेत्रों में आवासीय कल्याण समितियाँ साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और नियम बनाने का कार्य करती हैं।
परिवार और समुदाय मिलकर ही समाज तथा राष्ट्र को मजबूत बनाते हैं।
ConversionConversion EmoticonEmoticon